बिहार विधान परिषद शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन: मीडिया कवरेज के लिए 3 अक्टूबर तक मांगे गए आवेदन
बिहार विधान परिषद शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन: मीडिया कवरेज के लिए 3 अक्टूबर तक मांगे गए आवेदन
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
समस्तीपुर समाहरणालय ने जारी की सूचना, मतदान एवं मतगणना केंद्रों पर कवरेज के लिए प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों को लेना होगा प्रेस प्राधिकार पत्र
समस्तीपुर,बिहार(जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 1 अक्टूबर, 2026)। बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर समस्तीपुर समाहरणालय के मीडिया कोषांग ने मीडिया प्रतिनिधियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है।
समाहरणालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार 23 और 27 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान एवं मतगणना केंद्रों पर समाचार संकलन के लिए प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के संवाददाता और छायाकारों को प्रेस प्राधिकार पत्र जारी किया जाएगा।
प्रेस प्राधिकार पत्र के लिए संबंधित मीडिया प्रतिनिधियों को 3 अक्टूबर 2026 की शाम 4 बजे तक अपना आवेदन अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में उपलब्ध कराना होगा।
जारी निर्देश के अनुसार प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों का निदेशक, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा अभिप्रमाणित दो स्पष्ट अद्यतन पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। मतदान एवं मतगणना केंद्रों के लिए अलग-अलग फोटो की आवश्यकता बताई गई है।
इसके अलावा प्रति मतगणना केंद्र प्रति प्रेस के लिए प्रिंट मीडिया हेतु एक और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हेतु दो प्रेस प्राधिकार पत्र अनुमन्य किए गए हैं।
मीडिया प्रतिनिधियों को मतदान एवं मतगणना के लिए विभागाध्यक्ष/निदेशक, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से अलग-अलग अनुशंसा किए जाने संबंधी प्रतिवेदन भी उपलब्ध कराना होगा।
आवेदन के साथ प्रेस प्रतिनिधि का नाम, पूरा पत्राचार पता, कार्यालय एवं आवासीय दूरभाष नंबर, मोबाइल नंबर तथा प्रतिनिधि के सरकारी अथवा गैर-सरकारी होने संबंधी सूचना भी देनी होगी।
वहीं, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के संवाददाता या छायाकार को आवेदन के साथ चैनल का नाम, चैनल की संख्या तथा संबंधित एजेंसी का पत्र भी संलग्न करना होगा।
समाहरणालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर प्रेस प्राधिकार पत्र जारी करने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसलिए इच्छुक मीडिया प्रतिनिधियों से समय पर आवेदन उपलब्ध कराने की अपील की गई है।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments