महागामा में तांत्रिक दुर्गा मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सुबह 3 बजे से लगी लंबी कतारें

महागामा में तांत्रिक दुर्गा मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सुबह 3 बजे से लगी लंबी कतारें

जनक्रांति कार्यालय से राजीव झा की रिपोर्ट 
महाकाली पूजा के सातवें दिन झाड़ू-फावड़ा दंड कार्यक्रम में उमड़ी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद

गोड्डा,झारखंड(जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 17 अक्टूबर,2026)। गोड्डा जिले के महागामा स्थित तांत्रिक दुर्गा मंदिर में दुर्गा पूजा के सातवें दिन महाकाली पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह तीन बजे से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। 
पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
मंदिर में सुबह पांच बजे से पारंपरिक झाड़ू-फावड़ा दंड कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बेलभरन को प्रणाम कर धार्मिक परंपरा के अनुसार कार्यक्रम में भाग लिया। मंदिर परिसर में कतारबद्ध श्रद्धालु परिक्रमा करते हुए झाड़ू लगाते नजर आए। 
इस अनुष्ठान की खास बात यह रही कि श्रद्धालु अरहर के पांच पौधों से बनी झाड़ू का इस्तेमाल करते दिखे। भक्तों के हाथों में अरहर के पौधों से बनी झाड़ू और पूजा के प्रति उनकी आस्था देखते ही बन रही थी।
महाकाली पूजा के अवसर पर मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। महागामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद के नेतृत्व में पुलिसकर्मी सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं, गोड्डा के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार एवं जिला उपायुक्त लोकेश मिश्रा के नेतृत्व में भी सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। मेला क्षेत्र में बाइक सवार पुलिसकर्मियों को गश्त करते देखा गया। प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और शांतिपूर्ण पूजा संपन्न कराने के लिए निगरानी रखी गई।
महागामा के तांत्रिक दुर्गा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों ने क्षेत्र में दुर्गा पूजा की रौनक बढ़ा दी। भक्तों में माता के दर्शन और पूजा-अर्चना को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/संपादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments