पर्यावरण की पाठशाला सह पौधारोपण कार्यक्रम। 77वें वन महोत्सव पर पर्यावरण जागरूकता कार्यशाला, विद्यार्थियों ने लिया पौधारोपण का संकल्प
पर्यावरण की पाठशाला सह पौधारोपण कार्यक्रम
77वें वन महोत्सव पर पर्यावरण जागरूकता कार्यशाला, विद्यार्थियों ने लिया पौधारोपण का संकल्प
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल जरूरी: वन प्रमंडल पदाधिकारी राजकुमार शर्मा — जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का दिया संदेश
समस्तीपुर,बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 7 अक्टूबर,2026)। 77वें वन महोत्सव के अवसर पर वन विभाग के मार्गदर्शन में आशा सेवा संस्थान एवं राष्ट्रीय युवा योजना, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में पोदार इंटरनेशनल स्कूल, समस्तीपुर में “पर्यावरण की पाठशाला सह पौधारोपण” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और पौधारोपण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वन प्रमंडल पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार, विद्यालय के प्राचार्य अखौरी नील किशोर सिन्हा, सामाजिक कार्यकर्ता विनय कुमार एवं अमित कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी राजकुमार शर्मा ने कहा कि जैव विविधता को बनाए रखने में प्रत्येक पेड़-पौधे और जीव-जंतु की महत्वपूर्ण भूमिका है। पर्यावरण संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र से होनी चाहिए। जल, जंगल और जमीन का संरक्षण किए बिना आने वाली पीढ़ियों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित नहीं किया जा सकता। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया।
सामाजिक कार्यकर्ता विनय कुमार ने कहा कि केवल पौधा लगा देना ही पर्याप्त नहीं है। पौधे को वृक्ष बनने तक उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी उतना ही जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए।
एनजीओ संघ के सचिव एवं अधिवक्ता डॉ. संजय कुमार बबलू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान को घर-घर तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने की अपील की।
आशा सेवा संस्थान के सचिव अमित कुमार वर्मा ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा, “सांसें हो रही हैं कम, पेड़ लगाएं हम।” उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण तैयार करना सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य अखौरी नील किशोर सिन्हा ने की, जबकि संचालन अमित कुमार वर्मा ने किया। उप प्राचार्य चंदन कुमार ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया।
मौके पर मुस्कान जिला नशा मुक्ति केंद्र के कार्यक्रम समन्वयक राजकुमार राय एवं राहुल कुमार सहित पोदार इंटरनेशनल स्कूल के शिक्षक एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और पौधों की नियमित देखभाल का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/ संपादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित

Comments