मतदाता सूची पुनरीक्षण के विरोध में इंडिया गठबंधन का प्रखंड स्तरीय प्रतिरोध मार्च व पुतला दहन
मतदाता सूची पुनरीक्षण के विरोध में इंडिया गठबंधन का प्रखंड स्तरीय प्रतिरोध मार्च व पुतला दहन
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
ज्ञानेश कुमार समेत मोदी-शाह का संयुक्त पुतला फूंका, चुनाव आयोग को बर्खास्त करने की मांग
8 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन द्वारा समस्तीपुर जिला मुख्यालय पर विरोध मार्च में पुतला दहन कार्यक्रम किया जाएगा आयोजित
पूसा/समस्तीपुर,(जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 7 अक्टूबर 2026)। इंडिया गठबंधन के राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत बुधवार को पूसा प्रखंड के बिरौली चौक पर ‘ज्ञानेश भगाओ, लोकतंत्र बचाओ’ के नारे के साथ प्रतिरोध मार्च निकाला गया। मार्च के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का संयुक्त पुतला दहन कर विरोध जताया गया।
बिरौली चौक पर आयोजित सभा की अध्यक्षता कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष शिवराम ठाकुर एवं संचालन भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने एसआईआर तत्काल निलंबित करने, मतदाता सूची से हटाए गए पात्र मतदाताओं के नाम तत्काल बहाल करने, चुनाव आयोग की स्वतंत्रता एवं लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की वर्तमान व्यवस्था समाप्त कर नियुक्ति समिति में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को शामिल करने की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने एसआईआर के बाद हुए चुनाव को रद्द कर पुनः निष्पक्ष चुनाव कराने की भी मांग की।
सभा को संबोधित भाकपा-माले जिला कमेटी सदस्य रौशन कुमार ने कहा कि एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से पात्र लोगों के नाम हटाए जाने से उनके मताधिकार पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, उन्हें तत्काल बहाल किया जाए तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों के मद्देनजर निर्वाचन प्रक्रिया में लोकतांत्रिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
आगे सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला महासचिव डॉ. एन. के. आनंद ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा जरूरी है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सभी लोकतांत्रिक शक्तियों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।
मौके पर वीआईपी प्रखंड उपाध्यक्ष उपेंद्र शाह, कांग्रेस वरिष्ठ नेता कन्हैया ठाकुर, भाकपा-माले नेता रौशन कुमार, रविंद्र कुमार सिंह, अखिलेश सिंह, राजाराम सिंह, दिनेश राय, मुकेश कुमार राजीव कुमार, शिवानु कुमार, कांग्रेस नेता, राजीव कुमार सिंह, अखिलेश ठाकुर, अजय कुमार, श्याम सुंदर मिश्रा, वैद्यनाथ शर्मा, प्रशांत कुमार, गुलजार अहमद, विजय कुमार राम, मिथिलेश कुमार, मो. इश्तियाक, सोनेलाल महतो, प्रभात कुमार दास, शिवचंद्र राम, सत्येंद्र कुमार व नीरज कुमार धीरज कुमार इंडिया गठबंधन के विभिन्न घटक दलों कार्यकर्ताओं, नेताओं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
आगे नेताओं ने कहा कि इंडिया गठबंधन ने 8 अक्टूबर को समस्तीपुर जिला मुख्यालय में विरोध मार्च एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है, जिसमें बड़ी संख्या में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/संपादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित,

Comments