ताजपुर में भीषण आंधी-पानी से किसानों की फसल बर्बाद, मुआवजे की मांग
ताजपुर में भीषण आंधी-पानी से किसानों की फसल बर्बाद, मुआवजे की मांग
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
तैयार धान की फसल खेतों में गिरी, सब्जियों की खेती को भी भारी नुकसान
माले और किसान महासभा की टीम ने बर्बाद फसलों किया निरीक्षण
ताजपुर/समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 10 अक्टूबर, 2026)। शनिवार की सुबह ताजपुर प्रखंड क्षेत्र में आई भीषण आंधी और बारिश किसानों के लिए भारी तबाही लेकर आई। आंधी-पानी से एक ओर जहां तैयार धान की फसल खेतों में गिर गई, वहीं दूसरी ओर फूलगोभी, बंदगोभी, बैंगन, मिर्च, बरबट्टी, नेनुआ, कद्दू, सीम, केला सहित अन्य सब्जियों की खेती को भी भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में जलजमाव होने से सब्जियों की फसल बर्बाद हो गई है। वहीं, किसानों के पेड़-पौधे और सड़क किनारे लगे कई पेड़ भी गिर गए हैं। आंधी-पानी के कारण मकानों के क्षतिग्रस्त होने की भी खबर है।
किसानों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए भाकपा माले और अखिल भारतीय किसान महासभा की संयुक्त टीम ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा कर क्षतिग्रस्त फसलों का निरीक्षण किया। टीम का नेतृत्व भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह और अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने किया।
निरीक्षण के बाद नेताओं ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी से प्रभावित क्षेत्रों में फसलों, पेड़-पौधों और मकानों को हुए नुकसान की तत्काल जांच कराने तथा पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि आंधी-पानी से किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है। धान और सब्जियों की खेती बर्बाद होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
नेताओं ने सरकार से मांग की कि प्रभावित किसानों को अगली फसल लगाने के लिए खाद, बीज, बिजली, पानी और कृषि यंत्र निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही किसानों के कृषि ऋण माफ किए जाएं, ताकि वे इस प्राकृतिक आपदा से उबरकर दोबारा खेती शुरू कर सकें। उन्होंने प्रशासन से क्षति का निष्पक्ष आकलन कराकर अविलंब राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/संपादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments