मोतीपुर में आंधी से टूटा बिजली का पोल, हादसे की आशंका

मोतीपुर में आंधी से टूटा बिजली का पोल, हादसे की आशंका

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
33 हजार वोल्ट के पोल पर बांधकर चालू की गई 440 वोल्ट की लाइन, नया पोल लगाकर मरम्मत कराने की मांग

ताजपुर/समस्तीपुर,बिहार ( जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 17 अक्टूबर,2026)। मोतीपुर एनएच-28 स्थित विश्वकर्मा मंदिर के नजदीक आंधी के कारण बिजली का पोल टूट जाने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इसको लेकर भाकपा माले के ताजपुर प्रखंड कमिटी सदस्य ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने कनीय विद्युत अभियंता, ताजपुर को आवेदन देकर क्षतिग्रस्त पोल की जगह नया पोल लगाने और बिजली के तारों की मरम्मत कराने की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि शनिवार को आई आंधी के दौरान उक्त स्थल पर ट्रांसफॉर्मर से जुड़ी 440 वोल्ट की विद्युत लाइन का पोल टूट गया था। इसके बाद किसी तरह तार को 33 हजार वोल्ट की विद्युत आपूर्ति वाले पोल से बांधकर बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई। हालांकि, तार काफी नीचे लटकने के कारण वहां किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थल का निरीक्षण करने, नया बिजली पोल गाड़ने तथा लटक रहे तारों की उचित मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटना को रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/संपादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments