बंद समस्तीपुर चीनी मिल का मोर्चा की टीम ने किया निरीक्षण, डीएम और गन्ना मंत्री को सौंपेगा ज्ञापन

बंद समस्तीपुर चीनी मिल का मोर्चा की टीम ने किया निरीक्षण, डीएम और गन्ना मंत्री को सौंपेगा ज्ञापन

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
मिल चालू करने के लिए जमीन, सड़क, बिजली, रेल, जलापूर्ति और श्रमिकों की उपलब्धता का लिया जायजा*

समस्तीपुर,बिहार(जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 9 अक्टूबर, 2026)। समस्तीपुर जिला विकास संघर्ष मोर्चा की टीम ने शुक्रवार को शहर के चीनी मिल चौक स्थित बंद चीनी मिल का समग्रता में निरीक्षण किया। इस दौरान मिल परिसर में जमीन की उपलब्धता, सड़क मार्ग, बिजली, रेल संपर्क, जलापूर्ति, जलनिकासी, श्रमिकों की उपलब्धता और सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण में शामिल मोर्चा संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी ने कहा कि केंद्र सरकार की मदद से बिहार में 25 चीनी मिलें खोलने तथा बंद चीनी मिलों को फिर से चालू करने की घोषणा बिहार सरकार ने की थी। इस सूची में समस्तीपुर की बंद चीनी मिल भी शामिल थी।उन्होंने कहा कि करीब 15 चीनी मिलों को चालू करने के लिए कैबिनेट से राशि स्वीकृत किए जाने की जानकारी है, लेकिन समस्तीपुर चीनी मिल को चालू करने की दिशा में अब तक कोई ठोस गतिविधि दिखाई नहीं दे रही है।
मोर्चा के सदस्य सह भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि वर्ष 1917 में स्थापित समस्तीपुर चीनी मिल कभी देश की प्रमुख चीनी मिलों में शुमार थी। यहां उच्च गुणवत्ता की चीनी तैयार होती थी, जिसकी मांग देशभर में थी। इस मिल से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोग लाभान्वित होते थे। मिल के पास करीब 23 एकड़ जमीन उपलब्ध है। इसके आसपास सड़क और बिजली की सुविधा है। साथ ही रेल संपर्क, जलापूर्ति, जलनिकासी, सुरक्षा व्यवस्था, सस्ते श्रमिकों की उपलब्धता और आसपास गन्ना उत्पादन की संभावनाएं भी मौजूद हैं। श्री सिंह ने कहा कि इतनी सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद समस्तीपुर चीनी मिल को दोबारा चालू करने में सरकार अपेक्षित रुचि नहीं दिखा रही है। उन्होंने स्थानीय सांसद, विधायक और मंत्रियों से भी इस दिशा में पहल करने की मांग की।
   उन्होंने बताया कि समस्तीपुर जिला विकास संघर्ष मोर्चा ने बंद चीनी मिल और वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने का निर्णय लिया है। रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी और बिहार सरकार के गन्ना मंत्री से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। मोर्चा जनहित में समस्तीपुर चीनी मिल को फिर से चालू करने की मांग उठाएगा।
   निरीक्षण दल में शंकर साह, शाहिद हुसैन, जितेंद्र कुशवाहा, राम विनोद पासवान, विश्वनाथ सिंह हजारी, दीनबंधु प्रसाद, असगर अंसारी और सुशील कुमार आदि शामिल थे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/संपादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments