इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं सरदार पटेल की जयंती पर विशनपुर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं सरदार पटेल की जयंती पर विशनपुर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
मेयर अनीता राम ने दोनों महान विभूतियों को किया नमन, कहा– देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा

समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 31 अक्टूबर 2026)। समस्तीपुर प्रखंड के विशनपुर चौक स्थित इंदिरा स्मारक परिसर में शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री और पूर्व गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि सह पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दोनों महान विभूतियों के व्यक्तित्व, कृतित्व, त्याग, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम का आयोजन इंदिरा स्मारक कमिटी, विशनपुर के तत्वावधान में किया गया। इसकी अध्यक्षता कमिटी के अध्यक्ष सह वरीय कांग्रेस नेता ठाकुर मनोज भारद्वाज ने की। संचालन कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष रंजन शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समस्तीपुर नगर निगम की मेयर अनीता राम ने दोनों महान नेताओं को नमन करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी केवल भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व की प्रतीक थीं। उन्हें पूरी दुनिया में आयरन लेडी के नाम से जाना जाता है। उन्होंने वर्ष 1971 के युद्ध में पाकिस्तान को पराजित कर बांग्लादेश के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। इसके अलावा बैंकों का राष्ट्रीयकरण, प्रिवी पर्स की समाप्ति और हरित क्रांति जैसे ऐतिहासिक निर्णय लेकर देश की अर्थव्यवस्था एवं विकास को नई दिशा दी। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका त्याग और बलिदान देशवासी कभी नहीं भूल सकते।
वहीं, अपने संबोधन में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष रंजन शर्मा एवं इंदिरा स्मारक कमिटी के अध्यक्ष ठाकुर मनोज भारद्वाज ने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि आजादी के बाद देश की 562 छोटी-बड़ी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में उनकी भूमिका ऐतिहासिक और अतुलनीय रही। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, कुशल नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण के कारण ही उन्हें लौह पुरुष तथा भारत का बिस्मार्क कहा जाता है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाना उनके आदर्शों और राष्ट्रीय एकता के संदेश को आत्मसात करने का अवसर है।
वक्ताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महान व्यक्तित्वों का जीवन देशभक्ति, साहस, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को सदैव मार्गदर्शन देते रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य लोगों ने दोनों महान नेताओं की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति :कार्यक्रम में समस्तीपुर नगर निगम की मेयर अनीता राम, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष रंजन शर्मा, इंदिरा स्मारक कमिटी के अध्यक्ष ठाकुर मनोज भारद्वाज, जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर, कांग्रेस नेत्री देविता देवी गुप्ता, जिला राजद सचिव जयलाल राय, कांग्रेस के वरीय नेता बच्चा बाबू गिरी, कांग्रेस नेता रामविलास राय, विश्वनाथ हजारी, परमानंद मिश्र, सूरज राम, अधिवक्ता उपेंद्रनाथ तिवारी, रामनारायण शर्मा, विनोद कुशवाहा, मोहम्मद वसीर अहमद, डॉ. मदन मोहन ठाकुर, राजद महासचिव मनोज कुमार राय, रामबाबू राय, शिवशंकर राय, भरत साह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/संपादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments