बीआईटी मेसरा में आशीष रंजन ने लहराया सफलता का परचम, ब्रांच टॉपर बनने पर गोल्ड मेडल से सम्मानित
बीआईटी मेसरा में आशीष रंजन ने लहराया सफलता का परचम, ब्रांच टॉपर बनने पर गोल्ड मेडल से सम्मानित
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
समस्तीपुर के हांसोपुर निवासी आशीष ने बढ़ाया जिले का मान, 36वें दीक्षांत समारोह में मिला सम्मान; मामा अधिवक्ता डॉ. संजय कुमार बबलू ने दी बधाई और शुभकामनाएं
समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 10 अक्टूबर, 2026)। जिले के लिए गौरव की बात है कि समस्तीपुर के पंजाबी कॉलोनी एवं खानपुर प्रखंड के हांसोपुर निवासी आशीष रंजन ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी), मेसरा, रांची में आयोजित 36वें दीक्षांत समारोह में उन्हें बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग) में अपनी ब्रांच में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया।
10 अक्टूबर को आयोजित दीक्षांत समारोह में आशीष रंजन को डिग्री प्रमाणपत्र के साथ गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। समारोह में संस्थान के कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना एवं परमाणु ऊर्जा विभाग के अध्यक्ष डॉ. अजीत कुमार मोहंती ने उन्हें यह सम्मान देकर उनकी शैक्षणिक उपलब्धि की सराहना की।
आशीष की इस शानदार सफलता से उनके परिवार, रिश्तेदारों और गांव में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे समस्तीपुर जिले को गौरवान्वित किया है। बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और सभी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।
आशीष की माता सीमा कुमारी सरकारी विद्यालय में शिक्षिका हैं। उनकी इस उपलब्धि को वर्षों की मेहनत, अनुशासन, लगन और समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। उनकी सफलता क्षेत्र के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है, जो उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर मुकाम हासिल करने का सपना देखते हैं।
इस अवसर पर एनजीओ संघ बिहार के सचिव एवं अधिवक्ता डॉ. संजय कुमार बबलू ने अपने भांजे आशीष रंजन की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें आशीर्वाद एवं शुभकामना संदेश प्रेषित किया। उन्होंने आशीष के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।
आशीष रंजन की यह उपलब्धि साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से सफलता की नई इबारत लिखी जा सकती है। उनकी कामयाबी से समस्तीपुर जिले के युवाओं को भी आगे बढ़ने और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक संपादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments