कायस्थ समाज की एकजुटता को मिलेगी नई दिशा, 20 दिसंबर को नवी मुंबई में विराट महासम्मेलन
कायस्थ समाज की एकजुटता को मिलेगी नई दिशा, 20 दिसंबर को नवी मुंबई में विराट महासम्मेलन
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
जीकेसी के वैश्विक अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने किया आह्वान, 38 जिलों के प्रतिनिधियों की बैठक में सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास पर बनी रणनीति
पटना, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 2 नवंबर,2026)। ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) के वैश्विक अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने कायस्थ समाज के लोगों से आगामी 20 दिसंबर को नवी मुंबई के खारघर में आयोजित होने वाले विराट कायस्थ महासम्मेलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता, सामाजिक सहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही कायस्थ समाज को नई पहचान और विकास की नई दिशा मिल सकती है।
पटना के किदवईपुरी स्थित ठाकुर प्रसाद कम्युनिटी हॉल में आयोजित जीकेसी की बिहार प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश के सभी 38 जिलों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान कायस्थ समाज के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि विराट कायस्थ महासम्मेलन समाज को एकजुट करने, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक संकल्प का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने समाज के प्रत्येक परिवार तक पहुंच बनाने और अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिला स्तर पर नियमित गतिविधियां संचालित करने, जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा कायस्थ समाज की उपलब्धियों को व्यापक पहचान दिलाने का आह्वान किया।
जीकेसी की प्रबंध न्यासी रागिनी रंजन ने महिला सशक्तीकरण को सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने संगठन के सदस्यता अभियान को व्यापक बनाने, जिलों में नियमित बैठकें आयोजित करने तथा प्रदेश और जिला इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में 38 जिलों से पहुंचे प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया। वक्ताओं ने एक स्वर में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि कायस्थ समाज की एकजुटता केवल सम्मेलनों तक सीमित न रहे, बल्कि शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सहयोग और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में भी इसका सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/संपादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments