धर्मपुर उच्च विद्यालय परिक्षेत्र में छठ पूजा पर 24वें वर्ष भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

धर्मपुर उच्च विद्यालय परिक्षेत्र में छठ पूजा पर 24वें वर्ष भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
छठी मैया को समर्पित सांस्कृतिक संध्या में पूरी रात झूमते रहे दर्शक, कलाकारों ने गीत-संगीत और नृत्य से बांधा समां

समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 16 नवंबर, 2026)। समस्तीपुर नगर निकाय क्षेत्र के धर्मपुर उच्च विद्यालय परिसर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ महापर्व के अवसर पर संध्या अर्घ्य के बाद 24वें वर्ष भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छठी मैया को समर्पित इस समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन एनजीओ संघ बिहार के महासचिव अधिवक्ता डॉ. संजय कुमार बबलू, पूर्व जिला पार्षद एवं समाजसेवी अरुण कुमार राय, पूर्व वार्ड पार्षद विनोद कुमार राय, पूर्व सरपंच गणेश कुमार, बीमा अभिकर्ता पप्पू झा, अनिल कुमार, व्यवसायी आनंद तिवारी, राजीव सिंह, सुधीर कुमार, युवा नेता आशीष आनंद, बंटी यादव सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व जिला पार्षद अरुण कुमार राय ने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सांस्कृतिक कार्यक्रम छठी मैया के चरणों में समर्पित है। क्षेत्रवासियों के प्यार, सहयोग और आशीर्वाद का ही परिणाम है कि यह आयोजन लगातार 24 वर्षों से होता आ रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने पूरी रात छठी मैया के पारंपरिक एवं भक्तिमय गीतों के साथ-साथ विभिन्न गीतों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तिमय माहौल में उपस्थित दर्शक देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।
कार्यक्रम ने छठ महापर्व की धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी संदेश दिया।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/संपादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments