दीदी जी फाउंडेशन ने भव्य समारोह आयोजित कर 300 से अधिक छठ व्रतियों के बीच किया पूजन सामग्री का निःशुल्क वितरण

दीदी जी फाउंडेशन ने भव्य समारोह आयोजित कर 300 से अधिक छठ व्रतियों के बीच किया पूजन सामग्री का निःशुल्क वितरण

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
अधिवक्ता डॉ. संजय कुमार बबलू बोले– छठ पूजा सभी धर्मों के लोगों की आस्था का प्रतीक और विश्व धरोहर है

सुमन दीदी ने कहा– अपने लिए तो सभी जीते हैं, दूसरों के लिए जीना ही सच्ची महानता है

विभूतिपुर/समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 13 नवंबर,2026)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर दीदी जी फाउंडेशन, विभूतिपुर, समस्तीपुर की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य समारोह आयोजित कर छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का निःशुल्क वितरण किया गया। इस अवसर पर 300 से अधिक छठ व्रतियों को सूप, साड़ी, नारियल, अगरबत्ती सहित अन्य आवश्यक पूजन सामग्री प्रदान की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार एनजीओ संघ के महासचिव सह अधिवक्ता डॉ. संजय कुमार बबलू उपस्थित रहे। समारोह में जिला परिषद सदस्य रीना राय, पूर्व मुखिया मनीषा देवी, समाजसेवी एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कंचन भारती, युवाशाला के अध्यक्ष विकास कुमार, परिवर्तन के समाजसेवी विवेक कुमार, दीदी जी फाउंडेशन के उपाध्यक्ष मोहम्मद एहसान अहमद, सचिव गुंजन किन्नर, डॉ. बबलू दास, युवा पत्रकार केशव कुमार एवं समाजसेवी अभिषेक रंजन सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों का फाउंडेशन की अध्यक्ष सुमन दीदी ने अंगवस्त्र प्रदान कर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया।

**दूसरों की सेवा करना ही सच्ची महानता : सुमन दीदी**
समारोह को संबोधित करते हुए किन्नर समुदाय की नेत्री एवं दीदी जी फाउंडेशन की अध्यक्ष सुमन दीदी ने कहा कि अपने लिए तो सभी जीते हैं, लेकिन दूसरों के लिए जीना ही सच्ची महानता है। समाज के जरूरतमंद और वंचित लोगों की सेवा करना ही मानवता का सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व में उगते और डूबते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है, जो हमारी सामाजिक समरसता, समानता और प्रकृति के प्रति सम्मान का अद्भुत संदेश देती है।

**छठ पूजा सभी धर्मों के लोगों की आस्था का प्रतीक : डॉ. संजय कुमार बबलू**

मुख्य अतिथि बिहार एनजीओ संघ के महासचिव सह अधिवक्ता डॉ. संजय कुमार बबलू ने कहा कि छठ पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, पवित्रता, सामाजिक एकता और लोक संस्कृति का महान पर्व है। इस पर्व के प्रति सभी धर्मों के लोगों में सम्मान और श्रद्धा देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि कोई भी श्रद्धालु आर्थिक तंगी के कारण छठ पूजा करने से वंचित नहीं रह जाए, यह समाज और सामाजिक संगठनों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने दीदी जी फाउंडेशन की अध्यक्ष सुमन दीदी के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा और समर्पण के कार्यों से दूसरे सामाजिक संगठनों एवं लोगों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए।

**समाज की धरोहर हैं सुमन दीदी : कंचन भारती**

जिला परिषद सदस्य रीना राय ने क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठी मैया सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें, यही उनकी कामना है।

वहीं युवा नेत्री एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कंचन भारती ने इस नेक पहल के लिए सुमन दीदी को बधाई देते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करना बहुत ही सराहनीय कार्य है। सुमन दीदी जैसी समाजसेवी महिलाएं वास्तव में समाज की धरोहर हैं।

**छठ गीतों से भक्तिमय हुआ समारोह का माहौल**

कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन की सचिव गुंजन किन्नर ने पारंपरिक छठ गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके छठ गीतों से पूरा समारोह स्थल भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही। दीदी जी फाउंडेशन की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण सामाजिक सहयोग, सेवा भावना और आपसी भाईचारे का उत्कृष्ट उदाहरण है।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/सम्पादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित 

Comments