विशनपुर चौक पर गूंजे इंदिरा गांधी के विचार, पुष्पांजलि अर्पित कर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

विशनपुर चौक पर गूंजे इंदिरा गांधी के विचार, पुष्पांजलि अर्पित कर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट 
जयंती समारोह में वक्ताओं ने कहा– इंदिरा गांधी सिर्फ प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि एक युग थीं; उनके साहस, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम से आज भी मिलती है प्रेरणा

समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 19 नवंबर, 2026)। समस्तीपुर प्रखंड के विशनपुर चौक स्थित इंदिरा स्मारक परिसर में गुरुवार को देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन इंदिरा स्मारक कमिटी, विशनपुर के तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।

समारोह की अध्यक्षता इंदिरा स्मारक कमिटी के संयोजक सह कांग्रेस नेता ठाकुर मनोज भारद्वाज ने की। मंच का संचालन कांग्रेस उपाध्यक्ष रंजन शर्मा तथा धन्यवाद ज्ञापन जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरीय नेता अंजनी कुमार मिश्रा एवं सरोज कुमार सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी केवल देश की प्रधानमंत्री नहीं थीं, बल्कि एक युग थीं। उन्होंने भारत को आत्मनिर्भर बनाने, गरीबों को उनका अधिकार दिलाने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की मजबूत पहचान स्थापित करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

कांग्रेस उपाध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण, गरीबी हटाओ का नारा और हरित क्रांति को बढ़ावा देकर देश के विकास को नई दिशा दी। किसानों, मजदूरों, महिलाओं और गरीबों के हितों के लिए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वर्ष 1971 के युद्ध में भारत की विजय और बांग्लादेश के निर्माण के साथ-साथ 1974 के पोखरण परमाणु परीक्षण ने भारत की सामरिक क्षमता को नई पहचान दिलाई। उनके साहसिक निर्णयों के कारण ही उन्हें आयरन लेडी के नाम से जाना जाता है।

इंदिरा स्मारक कमिटी के संयोजक ठाकुर मनोज भारद्वाज ने कहा कि इंदिरा गांधी के विचार, उनका संघर्ष, साहस और देश के प्रति समर्पण आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि देश की सच्ची सेवा गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों को उनका अधिकार दिलाने में है।

अधिवक्ता सह समाजसेवी मोहम्मद शाहिद हुसैन उर्फ मुखिया जी ने कहा कि वर्तमान समय में देश में सामाजिक सद्भाव, एकता, अखंडता और धर्मनिरपेक्षता को मजबूत करना बेहद जरूरी है। इंदिरा गांधी की एकता और राष्ट्रीय एकजुटता की सोच आज भी प्रासंगिक है।

समारोह के अंत में जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इंदिरा स्मारक कमिटी विशनपुर प्रत्येक वर्ष इसी तरह उनकी जयंती मनाती रहेगी तथा उनके विचारों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

मौके पर कांग्रेस के वरीय नेता अंजनी कुमार मिश्रा, सरोज कुमार सिंह, कांग्रेस उपाध्यक्ष रंजन शर्मा, ठाकुर मनोज भारद्वाज, जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर, कांग्रेस उपाध्यक्ष डोमन राय, विश्वनाथ हजारी, रेशमा सिंह, सूरज राम, अनिल तिवारी, समाजसेवी बच्चा बाबू गिरी, अधिवक्ता मोहम्मद शाहिद हुसैन उर्फ मुखिया जी, राम विलास राय, युवा कांग्रेस के विधानसभा प्रभारी समस्तीपुर कृष्णा कुमार यादव, विनोद कुशवाहा, मन्नू देव, मोहम्मद इसाक, देविता देवी, रामनारायण शर्मा, सरपंच मुरारी ठाकुर, डॉ. मोहन ठाकुर, मोहम्मद आसिफ इकबाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, युवा, महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन
समस्तीपुर की हर खबर, जन-जन तक।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/संपादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments