मतदाता सूची से नाम कटने की शिकायतों पर कांग्रेस ने लगाई चौपाल, लोगों ने जताई चिंता
मतदाता सूची से नाम कटने की शिकायतों पर कांग्रेस ने लगाई चौपाल, लोगों ने जताई चिंता
जनक्रांति कार्यालय से स्टेट ब्यूरो चीफ बिहार पिंकेश कुमार पप्पु की रिपोर्ट
शाहपुर पूर्वी भिरहा में ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर कांग्रेस की जनजागरूकता चौपाल, बाहर रहकर काम करने वाले लोगों के नाम मतदाता सूची से हटने का उठा मामला
रोसड़ा/समस्तीपुर, बिहार ( जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 23 नवंबर 2026)। शाहपुर पूर्वी भिरहा ग्राम के वार्ड संख्या-4 में रविवार को कांग्रेस की ओर से ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर जनजागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर देशभर में प्रखंड, वार्ड एवं पंचायत स्तर पर चलाए जा रहे अभियान के तहत समस्तीपुर जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) की ओर से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। चौपाल में मतदाता सूची की पारदर्शिता, मतदाताओं के अधिकार और वोटर लिस्ट से नाम कटने की शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बाहर रहकर काम करने वालों के नाम कटने की शिकायत
चौपाल के दौरान स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि रोजगार के सिलसिले में दूसरे प्रदेशों और शहरों में रह रहे कई लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते नाम नहीं जुड़वाया गया तो संबंधित मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने से वंचित हो सकते हैं।
इस दौरान लोगों को मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम जांचने तथा किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित निर्वाचन अधिकारियों से संपर्क करने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही गरीब और जरूरतमंद परिवारों के सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होने की आशंकाओं पर भी चर्चा हुई।
सिद्धार्थ क्षत्रिय ने मतदाताओं से सतर्क रहने की अपील की
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समस्तीपुर जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष सिद्धार्थ क्षत्रिय ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज रहना प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपनी मतदाता पहचान और सूची में दर्ज नाम की नियमित जांच करने की अपील की।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकारें आम जनता के बजाय बड़े उद्योगपतियों के हितों को प्राथमिकता दे रही हैं। उन्होंने बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती में अडानी समूह से जुड़ी जमीन खरीद की डील का जिक्र करते हुए इसे अपने आरोपों के समर्थन में उदाहरण बताया।
कांग्रेस नेताओं और स्थानीय लोगों की रही भागीदारी
चौपाल में जिला कांग्रेस कमेटी के दीपेंदु राय उर्फ दीपू जी, भावना राय सहित स्थानीय लोगों में राम तपेश्वर पासवान, मीना देवी, अरविंद पासवान, अर्जुन पासवान, संदीप पासवान, राजकुमार, राजेश कुमार, राकेश कुमार एवं रामबालक पासवान समेत कई लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं को लेकर लोगों को जागरूक किया और अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/संपादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments