संविधान दिवस पर विभूतिपुर में याद किए गए बाबा साहेब अंबेडकर
संविधान दिवस पर विभूतिपुर में याद किए गए बाबा साहेब अंबेडकर
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
गांधी-अंबेडकर उद्यान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित, वक्ताओं ने संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प
विभूतिपुर/समस्तीपुर, बिहार (जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 26 नवंबर, 2026)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित गांधी-अंबेडकर उद्यान में भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गांधी-अंबेडकर स्मारक संरक्षण समिति, विभूतिपुर के तत्वावधान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में गांधी एवं बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि कर उनके विचारों को याद किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दिलीप नारायण सिंह उर्फ पप्पू बाबू ने की। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुनील कुमार, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी, शिक्षक, पत्रकार, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए बीडीओ सुनील कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान महज कानूनों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा संविधान अंगीकृत किया गया था। इसमें निहित समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय के सिद्धांत प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान का संदेश देते हैं।
वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे दिलीप नारायण सिंह उर्फ पप्पू बाबू ने बाबा साहेब के संघर्षों और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने वंचितों, शोषितों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को अधिकार दिलाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका बनाया समावेशी संविधान हर नागरिक को बिना किसी भेदभाव के समान अधिकार प्रदान करता है।
वक्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना में निहित संप्रभुता, समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक गणराज्य की अवधारणा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इसके लिए लोगों को अपने मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए।
इस दौरान पूरा गांधी-अंबेडकर उद्यान 'बाबा साहेब अमर रहें' और 'भारतीय संविधान जिंदाबाद' के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने संविधान की अखंडता, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
मौके पर ये रहे उपस्थित:
अंचल अधिकारी चंद्रशेखर, राजस्व अधिकारी कैलाश प्रसाद मंडल, बीसी रामकुमार राम, समाजसेवी कृष्णदेव प्रसाद सिंह, बीडीसी सदस्य मनोज कुमार, शिक्षक मणिकांत कुमार सिन्हा, राजेश कुमार, दिलीप कुमार, संतोष कुमार राम, किसान सलाहकार प्रेमचंद्र सिंह, सतीश कुमार, मणिकांत मधुकर, पत्रकार राम कुमार, धर्मेंद्र कुशवाहा, महताब आलम, रामेंद्र राम, त्रिलोक चंद्र शर्मा, पवन कुमार शर्मा, टुनटुन चौधरी, अमित कुमार, नवीजान, जयप्रकाश, रंजीत कुमार, रंजीत शर्मा, राकेश कुमार राम, पंकज कुमार, राम सकल राम, अरविंद कुमार राम, लेखपाल सुमन कुमार, सोनम प्रिया, कुमारी पिंकी, रोमा कुमारी, कुंदन कुमार, सौरभ कुमार, आवास पर्यवेक्षक जैकी आनंद, डीलर शंकर प्रसाद, सुरेंद्र पासवान, अल्पना कुमारी, प्रखंड नाजिर सुशील कुमार सदा, दिलीप राम और महेश राम सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/संपादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments