ब्रेकिंग न्यूज़:समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव, युवक की गोली मारकर हत्या
ब्रेकिंग न्यूज़:
समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव, युवक की गोली मारकर हत्या
जनक्रांति कार्यालय रिपोर्ट
सोनू सिंह की हत्या से इलाके में मचा कोहराम, आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे किया जाम; हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े लोग
समस्तीपुर, बिहार ( जनक्रांति हिन्दी न्यूज बुलेटिन डिजिटल न्यूज डेस्क 5 नवंबर,2026)। समस्तीपुर जिले में अपराधियों का मनोबल एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। बृहस्पतिवार की देर शाम मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर में अपराधियों ने गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी। मृतक की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के चकहबीब-बाघी निवासी कमल सिंह के पुत्र सोनू सिंह के रूप में हुई है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने गंगापुर में नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। सड़क जाम कर रहे ग्रामीण पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। वहीं, वरीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और आवश्यक कार्रवाई में जुटे हैं।
फिलहाल घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों में हत्या को लेकर भारी आक्रोश है। पुलिस द्वारा लोगों को समझाने-बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सोनू सिंह की हत्या के पीछे कौन लोग हैं और पुलिस कब तक हत्यारों को गिरफ्तार कर पाती है..?
समस्तीपुर जनक्रांति प्रधान कार्यालय से प्रकाशक/संपादक राजेश कुमार वर्मा द्वारा प्रकाशित व प्रसारित।

Comments